rashtrya ujala

Thursday, September 4, 2008

सम्मान के लिए हत्याओं की जांच सार्वजनिक करेगा पाक

कराची। पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिम बलूचिस्तान प्रांत में इज्जात बचाने के नाम पर पांच महिलाओं की कथित हत्या संबंधी मामले की जांच एक सप्ताह में पूरी करके उसे सार्वजनिक किया जाएगा। यह जानकारी वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने दी।प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के सुरक्षा सलाहकार रहमान मलिक ने बुधवार को कहा कि इस संबंध में जांच चार या पांच दिनों में पूरी कर ली जाएगी और इसे जल्दी ही सार्वजनिक किया जाएगा। देश के रूढि़वादी सामाजिक नियमों के विपरीत अपनी पसंद के पुरुष से विवाह करने के कारण पांच महिलाओं को जिंदा दफनाए जाने की घटना पर विदेशों में मचे हो-हल्ले के बाद पाकिस्तान सरकार का ध्यान इस ओर गया है।पुलिस ने मंगलवार को नसीराबाद जिले के बाबाकोट गांव से एक ही कब्र से दो युवा महिलाओं के शव निकाले है। पुलिस के अनुसार महिलाओं के शवों पर वही वस्त्र थे जो उन्होंने मरने के समय पहन रखे थे। पुराने बलूची कानूनों के अनुसार जिन महिलाओं की सम्मान के लिए या चरित्र पर संदेह के लिए हत्या की जाती है, उनको सफेद कफन नहीं पहनाया जाता और न ही किसी धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जाता है।मलिक ने कहा कि तीसरी महिला की अभी पहचान नहीं हो पाई पाई लेकिन उसे भी शीघ्र ही खोज लिया जाएगा। दो अन्य महिलाओं की मौत की पुष्टि नहीं हो पाई है। ऐसा विश्वास किया जा रहा है कि दो अन्य महिलाएं जिनकी मौत की पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी, वे संभवत: परिवार की उम्रदराज महिलाएं होंगी, जो युवतियों को परिवार के पुरुष सदस्यों के क्रोध से बचाने की कोशिश कर रही होंगी।मलिक ने बताया कि तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है और चौथी गिरफ्तारी भी जल्द होगी। गिरफ्तार सभी लोग महिलाओं के नजदीकी रिश्तेदार हैं।

No comments: