rashtrya ujala

Tuesday, August 26, 2008

घर में बनाइए सपनों का ‘ताजमहल’

लंदन.यह बात चौकाने वाली हो सकती है कि जिस ताजमहल को 20 हजार मजदूरों ने 22 वर्ष में बनाकर खड़ा किया था, उसे आप अकेले ही एक से दो दिन में बना सकते हैं। दरअसल बच्चों के लिए प्लास्टिक के खिलौने बनाने वाली अंतरराष्ट्रीय कंपनी ‘लीगो’ ने ऐसे ब्लॉक बनाए हैं, जिन्हें जोड़कर ताजमहल की प्रतिकृति बनाई जा सकती है।आपके इस सपनों के ताजमहल की कीमत 16,066.5, रुपए (200 पाउंड) होगी। यह खिलौना अगले महीने से बाजार में उपलब्ध होगा और इसे ऑनलाइन भी खरीदा जा सकेगा।

बनाए गए 5,922 ब्लॉक :लीगो’ ने अपने 74 वर्ष के इतिहास में खिलौने का यह सबसे बड़ा मॉडल बनाया है। ताजमहल की इस प्रतिकृति को बनाने के लिए 5,922 ब्लॉकों का इस्तेमाल होगा। आपकी मोहब्बत का यह प्रतीक बनकर खड़ा होने पर 20 इंच (51 सेमी) चौड़ा और 16 इंच (41) ऊंचा होगा। इस ‘इमारत’ के गुंबदों, मीनारों व मेहराबों के लिए सफेद, नीले और सुनहरे ब्लॉक बनाए गए हैं।

बड़े बच्चों का खिलौना :कंपनी के अनुसार आधुनिक निर्माण तकनीक, दुर्लभ तत्व व रंग और स्थापत्य की वास्तविक रूपरेखा इस खिलौने की खासियत है। इसे विशेष रूप से ब्लॉक के खेल में माहिर 14 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए बनाया गया है। इन ब्लॉक्स के जरिये 35 से 40 घंटे में ‘ताजमहल’ खड़ा किया जा सकता है।

लंदन की प्रतिकृति भी बनाई :‘लीगो’ इससे पहले दुनिया के अन्य अजूबों की प्रतिकृति भी बना चुकी है। फ्रांस के एफिल टॉवर की प्रतिकृति 12 हजार रुपए में (150 पाउंड) बाजार में बिक रही है। कंपनी ने विंडसर स्थित लीगोलैंड थीम पार्क में लंदन और पेरिस शहर की सूक्ष्म प्रतिकृतियां भी बनाई हैं।


No comments: