rashtrya ujala

Sunday, August 10, 2008

अवैध संबंध होने पर पत्‍‌नी व युवक की हत्या

दिल्ली: डाबड़ी पुलिस ने पिछले महीने विश्वास पार्क में हुए दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या में रामदेव यादव उर्फ शिव बच्चन राम (28) को गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी व कमरे में साथ रहे युवक के बीच अवैध संबंध होने पर उसने दोनों की हत्या कर दी थी। बाद में उसने घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया था। लेकिन हत्या के वक्त घर में मौजूद रामदेव के पांच वर्षीय बेटे ने घटना की सचाई से पर्दा उठा दिया।दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त शालिनी सिंह के मुताबिक 29 जुलाई की रात डाबड़ी पुलिस को सूचना मिली कि विश्वास पार्क इलाके में एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली है। जानकारी मिलने पर पुलिस घटना स्थल पर गई। वहां पुलिस ने देखा कि 25 वर्षीय महिला गीता का शव फर्श पर पड़ा हुआ है, जबकि जितेंद्र (28) का शव रस्सी के सहारे छत से लटक रहा है। महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था तथा उसके हाथ-पांव लोहे की चेन से बंधे हुए थे। घटना के वक्त महिला का पांच वर्षीय बेटा तथा डेढ़ वर्षीय बेटी कमरे में ही मौजूद थे। महिला का पति रामदेव द्वारका की सोसाइटी में चपरासी का काम करता था।डीसीपी शालिनी सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतित हुआ था कि महिला की हत्या के बाद युवक ने खुदकुशी कर ली है। मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच इंस्पेक्टर अभिनेंद्र जैन को सौंपी गई। तफ्तीश में पता चला कि गीता की शादी रामदेव यादव से छह वर्ष पहले हुई थी। रामदेव पिछले दो वर्ष से विश्वास पार्क में किराए के मकान में रह रहा है। जबकि जितेंद्र कुछ महीने से रामदेव के कमरे में साथ रह रहा था। साथ रहने के दौरान ही रामदेव की पत्नी गीता व जितेंद्र के बीच अवैध संबंध बन गए थे। इसका शक रामदेव को हो गया। डीसीपी के मुताबिक शक को पुख्ता करने के लिए 29 जुलाई की दोपहर में खाने के बाद रामदेव कुछ देर के लिए घर से चला गया। करीब 20 मिनट के बाद घर लौटने पर उसने गीता व जितेंद्र को आपत्ति जनक स्थिति में देख लिया। इससे गुस्साए रामदेव ने पत्नी की तकिया से मुंह दबाकर हत्या कर दी। इसके कुछ देर बाद जीतेंद्र जब उसके कमरे पर आया तो रामदेव ने सिलबंट्टे से उसके सिर पर हमला कर दिया। जिससे वह अचेत होकर दरवाजे पर गिर पड़ा। उसके अचेत होते ही रामदेव ने तकिए से मुंह दबाकर जितेंद्र की भी हत्या कर दी।बाद में उसने जितेंद्र का शव रस्सी में बांधकर घर की छत से टांग दिया। ताकि लोगों को लगे कि उसकी पत्नी की मौत के बाद जितेंद्र ने फांसी लगा ली है। किसी को हत्या का शक न हो इसके लिए घटना को अंजाम देने के बाद वह ड्यूटी पर चला गया। लेकिन घटना के वक्त मौके पर मौजूद उसके पांच वर्षीय बेटे विक्की ने पिता द्वारा दोनों की हत्या किए जाने की जानकारी पुलिस को दे दी।



No comments: